फ़िल्म सिटी के लोगों को लगी नज़र, दिशा और सुशांत के बाद अब आई समीर की मौत की खबर


फ़िल्म सिटी के लोगों को लगी नज़र, दिशा और सुशांत के बाद अब आई समीर की मौत की खबर
– कहानी घर-घर की दिखाने वाले कलाकार ने घर पर ही खत्म कर दी अपनी कहानी*
– टीवी इंडस्ट्री के प्रतिभवान अभिनेता समीर शर्मा ने फ्लैट में लगाया फंदा
केटीजी समाचार ब्यूरो:- श्रीनिवास
*मुंबई।* फिल्मी पर्दे के धोनी यानि बॉलीवुड स्टार सुशांत सिंह राजपूत के बाद अब टीवी इंडस्ट्री को भी झटका लगा है। छोटे पर्दे के जाने-माने अभिनेता समीर शर्मा ने मुंबई के मलाड स्थित अपार्टमेंट में फंदा लगाकर अपनी जान ले ली। चौकीदार की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
गौरतलब है कि समीर शर्मा करीब छह माह पहले ही मलाड के एक अपार्टमेंट में शिफ्ट हुए थे। बुधवार देर सायं को राउंड के दौरान दुर्गंध महसूस होने पर चौकीदार ने जब गौर से देखा तो कमरे की सीलिंग पर समीर का शव पंखे से लटक रहा था। आनन-फानन में चौकीदार ने पुलिस को इत्तेला दी। पुलिस की मानें तो एक्टर समीर ने खुदकुशी 2-3 दिन पहले की होगी, क्योंकि जब वे फ्लैट के अंदर पहुंचे तो बॉडी डिकंपोज होना शुरू हो चुकी थी। उनके घर से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। वे अपने फ्लैट में अकेले रहते थे। मामले में एडीआर दर्ज हो चुकी है। अब उनके परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है।
बता दें कि दुनिया को अलविदा कहने से पहले टीवी अभिनेता समीर शर्मा ने ‘कहानी घर-घर की’, लेफ्ट राइट लेफ्ट, दिल क्या चाहता है तथा आयुष्मान भव: जैसे सीरियल्स में अदाकारी से दर्शकों का दिल जीता।
बीते कुछ दिनों में पहले दिशा सालियान की मौत और सुसाइड नोट का न मिलना, फिर सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी और सुसाइड नोट न मिलने के बाद यह तीसरा मौका है, जब समीर शर्मा के घर से भी कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद नहीं हुआ। हालांकि इसमें कोई राज़ है या संयोग, ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। लेकिन, जिस तरह के हालात सामने आए हैं, वो अपने आप में हैरान करने के लिए काफ़ी हैं।
