बढ़ते तापमान के चलते विद्यालयों का समय परिवर्तन आवश्यक-तुषार
बलिया – उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ सोंहाव के ब्लाक अध्यक्ष तुषार कान्त राय ने जिलाधिकारी से मांग की है कि परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन विद्यालय संचालन समय प्रातः 08:00 बजे से अपरान्ह 02:00 बजे तक निर्धारित है। बच्चों को दिन में 02:00 बजे विद्यालय से घर जाने हेतु छोड़ा जाता है। दोपहर में दिन का तापमान काफी अधिक हो रहा है और गर्म हवाएं भी चल रही होती है। अधिक तापमान के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की सम्भावना है। उपरोक्त सम्बन्ध में जिला संगठन ने पत्र के माध्यम से मांग की है कि परिषदीय विद्यालयों के संचालन का समय प्रातः 07: 00 बजे से पूर्वान्ह 12:00 बजे तक निर्धारित किये जाने हेतु आदेश जारी किया जाना आवश्यक है।


